Sunday, November 8, 2026
बिहार में पत्रकारिता : इतिहास लेखन की मुश्किलें
यथातथ्यता इतिहास लेखन की एक अनिवार्य पूर्वशर्त है, लेकिन बिहार के इतिहास से संबंधित अधिकतर प्रामाणिक कही जानेवाली किताबों में इसी की उपेक्षा है।
'हिंदी साहित्य और बिहार' (चतुर्थ खंड) के पृष्ठ 36 पर केशवराम भट्ट के बारे में लिखा है, 'आपका लालन-पालन आपके बड़े भाई पंडित मदन मोहन भट्ट ने किया'। इसी पृष्ठ की पादटिप्पणी संख्या 3 में लिखा है, 'यह पत्र (बिहार बन्धु) पहले-पहल सन 1872 ईस्वी में आपके अनुज पंडित मदन मोहन भट्ट के द्वारा कलकत्ता से प्रकाशित हुआ था।' अब पाठक को कौन बताए कि मदन मोहन भट्ट, केशवराम भट्ट के 'अग्रज' थे अथवा 'अनुज'। उक्त पादटिप्पणी के अनुसार 'बिहार बन्धु' अखबार मदन मोहन भट्ट ने शुरू किया था जबकि पुस्तक में ठीक ऊपर लिखा जा चुका है कि 'केशवराम भट्ट ने बिहार बन्धु नामक एक साप्ताहिक समाचार-पत्र प्रकाशित किया।' अब अंग्रेजी में लिखी पुस्तक का हाल देखिए। एन. कुमार की पुस्तक 'जर्नलिज्म इन बिहार' बिहार बन्धु का संस्थापक बालकृष्ण भट्ट (पृष्ठ 41) को मानता है न कि केशव राम भट्ट को। लिखा है, 'Bihar Bandhu was founded in 1872 in Calcutta by Balkrishna Bhatt in collaboration with Keshavram Bhatt.' (p.41) आगे पृष्ठ 64 पर लिखते हैं, In fact this paper had been founded in Calcutta by Pandit Keshav Ram Bhatt and his younger brother Pandit Madan Mohan Bhatt....' बालकृष्ण भट्ट वाली भूल 'बिहार बन्धु' के संपादक रहे कमला प्रसाद वर्मा की संस्मरणात्मक पुस्तक 'भूलती भागती यादें' (1951में प्रकाशित) की वजह से है। 'बिहार बन्धु' को उक्त पुस्तक में बालकृष्ण भट्ट के 'निरीक्षण' में स्थापित बताया गया है। बाद की किताबें उसे स्रोत के बतौर इस्तेमाल कर रही हैं।
बिहार राष्ट्रभाषा परिषद से छपी 'हिन्दी साहित्य और बिहार' (तृतीय खंड) में कमलाप्रसाद वर्मा की किताब 'भूलती भागती यादें' से एक उद्धरण है जिसमें कहा गया है कि "सन 1872 ईस्वी में बिहार बन्धु का जन्म कलकत्ते में, स्वर्गीय पं. बालकृष्ण भट्ट के निरीक्षण में हुआ था। इसमें पं. केशवराम भट्ट का बड़ा हाथ था। ये दोनों महाराष्ट्री ब्राह्मण थे और इनके पूर्वज 'बिहारशरीफ' में आ बसे थे।" (पृष्ठ 169) फिलहाल इस विवाद को परे रखते हुए कि 'बिहार बन्धु' 1872 में शुरू हुआ कि 1873 में, हमारा कहना है बालकृष्ण भट्ट की जगह मदनमोहन भट्ट लिखा जाना चाहिए था। ये दोनों सगे भाई थे और महाराष्ट्रीय ब्राह्मण थे जो व्यापार के सिलसिले में 'बिहारशरीफ' आकर बस गये थे। 'बिहार बन्धु' की स्थापना इन्हीं मदनमोहन भट्ट की देखरेख में हुई थी। जहांतक बालकृष्ण भट्ट की बात है, उनके पूर्वज मालवा के ब्राह्मण थे और झाँसी के निकट आकर बसे थे। बालकृष्ण भट्ट, मालवीय जी के रिश्तेदार थे और जो 'हिन्दी प्रदीप' के संपादक हुए।
'स्वर्गीय महादेव भाई देसाई स्मारक समिति', जयपुर की पहल से 'हिन्दी साहित्य समिति', जयपुर ने दिसंबर 1948 ईस्वी में 'भारत की पत्र-पत्रिकाएं' प्रकाशित की। इस पुस्तक का दूसरा लेख 'हिन्दी पत्रों के सवा सौ वर्ष' है जिसके लेखक श्री कन्हैयालाल सहल एम ए हैं। उक्त लेख में आपने 'बिहार बन्धु' को 1871 में शुरू हुआ बताया है। यह गलत है। अब निर्विवाद सिद्ध है कि 'बिहार बन्धु' का प्रकाशन 1873 में शुरू हुआ था।
डॉक्टर वेदप्रताप वैदिक ने पत्रकारिता : विविध आयाम' (भाग 2, हिन्दी बुक सेंटर, नई दिल्ली, पृष्ठ 371) में श्री गोपालराम गहमरी को 1907-09 की अवधि के लिए बिहार बन्धु का संपादक बताया है। यह यथातथ्य नहीं है क्योंकि स्वयं गहमरी साहब ने 1906 में दो वर्षों के लिए 'बिहार बन्धु' का संपादक नियुक्त होना बताया है। (जयन्ती स्मारक ग्रन्थ, पृष्ठ 393)
कल्याण कुमार झा की 'बिहार की हिन्दी साहित्यिक पत्रकारिता' शीर्षक से 'साहित्य कला संगम' प्रकाशन (बेतिया, 1997) एक किताब प्रकाशित है। पृष्ठ संख्या 29 में इन्होंने लिखा है कि 'बिहार बन्धु 21 मार्च, 1924 तक प्रकाशित होता रहा' जबकि पृष्ठ संख्या 36 में इसे 1923 ईस्वी तक ही प्रकाशित हुआ बताया गया है।
'हिन्दी साहित्य और बिहार' (तृतीय खंड, पृष्ठ 4) में अनुग्रहनारायण सिंह के परिचय में लिखा है कि 'छात्रावस्था में बिहारी स्टूडेंट्स कांगरेस के आप दो-दो बार सचिव बनाये गये और सन 1911 ईस्वी में, जब पटने में कांगरेस का महाधिवेशन आरम्भ हुआ, तब उसमें आपने स्वयंसेवक-संगठन का संचालन किया।' तथ्य यह है कि बिहार में कांगरेस का पहला वार्षिक अधिवेशन 1912 ईस्वी में हुआ जब इसे बंगाल से पृथक स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिला। उसके पहले यहां के नेता कांग्रेस के कार्यक्रमों से अपने को 'सचेत रूप से' अलग रखे और 'अंग्रेजी राज में विश्वास' से भरी चिट्ठियां भेजते रहे।
दुखद है कि इतिहास लेखन का काम बहुत ही अगम्भीरतापूर्वक किया जा रहा है। बाल साहित्य के विशेषज्ञ प्रकाश मनु ने अपनी किताब 'हिन्दी बाल साहित्य का इतिहास' (प्रभात प्रकाशन) में रामलोचन शरण बिहारी की बालक पत्रिका को 1916 में पटना से प्रकाशित बताया है जो सही नहीं है। यह पत्रिका दरअसल 1926 में लहेरियासराय (दरभंगा) के पुस्तक भंडार से निकली थी। बाद में पुस्तक भंडार के पटना स्थानांतरित हो जाने के कारण यहीं से निकलने लगी। संपादन भी रामलोचन शरण का नहीं था। आरंभिक दिनों में इसके संपादक रामवृक्ष बेनीपुरी और आचार्य शिवपूजन सहाय रहे थे। रामजी मिश्र मनोहर की किताब 'बिहार में हिन्दी पत्रकारिता का विकास' में 'बालक' पत्रिका के प्रकाशन-वर्ष को लेकर भी ऐसी ही भूल है। 1926 की जगह 1936 लिखा है। लिखा है-"बिहार पत्र-पत्रिकाओं के मरुस्थल' के नाम से बदनाम हो चुका था। इस कलंक को मिटाया सर्वप्रथम पुस्तक भंडार तथा विद्यापति प्रेस लहेरियासराय के संचालक श्री रामलोचन शरण 'बिहारी' ने सन 1936 में बालोपयोगी मासिक 'बालक' का प्रकाशन कर।" (वही, पृष्ठ 147)
रामजी मिश्र मनोहर मोतीहारी से प्रकाशित 'कुसुमांजलि' का प्रकाशन-वर्ष 1920 मानते हैं। वे लिखते हैं : "सत्य-संवाद’ के बाद मोतीहारी के कुसुमांजलि प्रेस से ‘कुसुमांजलि’ नाम की मासिक पत्रिका निकली। इसमें साहित्यिक-सांस्कृतिक विषयों पर स्तरीय लेख और कविताएं प्रकाशित की जाती थीं। सन् 1920 ई. में यह प्रकाशित हुई और अपनी अंजली देकर सन् 1925 में हमेशा के लिए विदा की गयी।" (बिहार में हिन्दी पत्रकारिता का विकास, पृष्ठ 158) दरअसल 'कुसुमांजलि' का प्रकाशन-वर्ष 1905 है। इसका पहला अंक जनवरी माह में मोतिहारी के क्राउन प्रेस से पाण्डेय आनन्द बिहारी वर्मा द्वारा प्रकाशित किया गया था। हिन्दी की प्रगति और साहित्यकारों का निर्माण करना ही उनके जीवन का मूलभूत उद्देश्य था। प्रारंभ में यह 48 पृष्ठों की पत्रिका थी किन्तु 1918 ई. में मूल्य को यथावत रखते हुए इसके पृष्ठों में कमी कर दी गई और यह 32 पृष्ठों में प्रकाशित होने लगी। यह पूर्णत: साहित्यिक पत्रिका थी और 1920 तक इसने बिहार में साहित्यिक जागरण के लिये ऐतिहासिक कार्य किये। इसमें उपन्यास, नाटक, कहानी, समालोचना, व्यंग्य कविता, निबन्ध आदि विभिन्न विधागत रचनाएं छपती थीं। कभी-कभी इसमें राष्ट्रीय समाचार भी प्रकाशित होते थे। कल्याण कुमार झा ने फरवरी, 1918 के अंक से अपनी किताब में एक उद्धरण भी दिया है।
रामजी मिश्र 'मनोहर' की किताब बिहार में हिन्दी पत्रकारिता का विकास (पृष्ठ 128) में कहा गया है कि दुर्गेशनन्दन माणिक द्वारा स्थापित 'माणिक मंडली' की ओर से गयाप्रसाद माणिक के संपादकत्व में 1909 में 'काव्य विलासिनी' पत्रिका का प्रकाशन किया गया। हिंदी साहित्य और बिहार (तृतीय खंड, पृष्ठ 69) में इसे 'काव्य विलासिनी सभा' की ओर से और 1909 से पहले से प्रकाशित बताया गया है। 1908 में इसके संपादक कन्हैयालाल मिश्र कहे गये हैं।
रामजी मिश्र मनोहर की किताब में छापे की अन्य भूलें भी हैं। मसलन पृष्ठ संख्या 138 में लिखा है कि "सन 1978-79 तक क्रिश्चियन एवलेन्जिकल मिशन सोसाइटी (बर्लिन) की मुजफ्फरपुर शाखा ने 'तिरहुत मिशन प्रेस' के नाम से अपना मुद्रणालय कायम कर लिया था।" कहने की आवश्यकता नहीं कि सही वर्ष 1878-79 लिखा जाना था। यह उक्त पुस्तक की पादटिप्पणी संख्या 1 से भी स्पष्ट है, जिसमें संदर्भ के बतौर बंगाल एडमिनिस्ट्रेटिव रिपोर्ट (1877-78, पृष्ठ 478) का उल्लेख है।
#वाणीप्रकाशन (2016) से छपी योगेंद्र प्रताप सिंह की किताब 'हिंदी साहित्य का इतिहास और उसकी समस्याएं' में बिहार से छपी पहली कहानी 'चनचनाही औरत' संबंधी जानकारी गलत है। पहली बात तो यह कि कहानीकार का नाम केशवराम भट्ट नहीं बल्कि बिहार बन्धु के संपादक रहे दामोदर सप्रे/शास्त्री है। दूसरी कि यह कहानी 1883 में नहीं बल्कि 1878 में छपी थी। इसी प्रकाशन से प्रकाशित किताब भारतीय पत्रकारिता कोश, भाग 1 बिहार बन्धु के संपादक केशवराम भट्ट के निधन का वर्ष 1915 लिखता है जो यथातथ्य नहीं है। दरअसल उनका निधन 1905 के प्लेग में हुआ था। इसी प्लेग से बिहार बन्धु प्रेस के व्यवस्थापक लक्ष्मी भट्ट का भी निधन हुआ और खड़ी बोली हिंदी आंदोलन के जनक अयोध्या प्रसाद खत्री भी असमय इसी प्लेग के शिकार हुए थे।
#प्रभातप्रकाशन (2017) से 'पटना की कहानी पटना की जुबानी' किताब प्रकाशित है जिसमें बताया जा रहा है कि 1897 ईस्वी में खड्गविलास प्रेस, पटना से 'शिक्षा' नाम की पत्रिका निकली। यह जानकारी भ्रमपूर्ण है। तथ्य है कि यह पत्रिका आरा के पंडित सकलनारायण शर्मा (कहीं-कहीं पाण्डेय लिखा मिलता है।) के संपादन में 1900 ईस्वी में शुरू हुई और 1940 तक पूरे 40 वर्ष प्रकाशित होती रही।
बिहार के प्रतिष्ठित शोध संस्थानों से प्रकाशित इतिहास की किताबों की विश्वसनीयता भी संदिग्ध है। न लेखक गम्भीर है न प्रकाशक। के पी जायसवाल शोध संस्थान, पटना से छपी दो किताब है। 'बिहार में हिन्दी-पत्रकारिता का विकास' के लेखक पंडित रामजी मिश्र 'मनोहर' हैं तो 'आस्पेक्ट्स ऑफ द हिस्ट्री ऑफ मॉडर्न बिहार' डॉक्टर जटा शंकर झा की किताब है। झा जी की किताब में महेश नारायण का जन्म-वर्ष 1889 छपा है तो रामजी मिश्र की किताब में 'बिहार टाइम्स' का प्रकाशन-वर्ष 1884 लिखा है। सही तथ्य है कि महेश नारायण का जन्म 1859 में हुआ और 'बिहार टाइम्स' का प्रकाशन-वर्ष 1894 है। छापे की इन भूलों को सुधारने के लिए लेखक जीवित रहे नहीं और शोध संस्थाओं के निदेशक अब पढ़े-लिखे होते नहीं कि इस ओर ध्यान जाय। कुछ सालों बाद पाठक इसे ही सच मानकर बिहार का 'प्रामाणिक' इतिहास लिखेंगे। इतिहास चाहे जैसा हो, प्रामाणिक ही होता है!
पत्रकार विजय भास्कर की 'बिहार में पत्रकारिता का इतिहास' नाम से एक किताब है। उसके पृष्ठ 49 पर वे लिखते हैं कि ईश्वरी प्रसाद शर्मा के संपादन में 1912 में आरा से शुरू हुई #मनोरंजन पत्रिका एक साल के बाद बन्द हो गई। कहना होगा कि यह तथ्यात्मक रूप से गलत है। एन. कुमार. की 'जर्नलिज्म इन बिहार' (पृष्ठ 66) तथा विजयदत्त श्रीधर की 'भारतीय पत्रकारिता कोश', खंड दो (पृष्ठ 566) में तीन साल बाद अर्थात 1915 ईस्वी में बन्द होने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, 1924 में इसका पुनर्प्रकाशन कथाकार विश्वम्भरनाथ शर्मा कौशिक ने कानपुर के 'चन्दा फैन्सी प्रेस' से किया जिसका आवरण पृष्ठ तीन रंगों में छपता था और पत्रिका काफी लोकप्रिय भी हुई।
मुजफ्फरपुर से निकलने वाली 'आशा' पत्रिका को लेकर भी इसी तरह का भ्रम बरकरार है। कल्याण कुमार झा लिखते हैं कि "1920-21 में मुजफ्फरपुर से प्रसिद्ध साहित्यकार ललित कुमार सिंह नटवर के संपादन में आशा नामक पत्रिका आरम्भ हुई किन्तु तीन-चार अंकों के बाद ही इसका प्रकाशन स्थगित हो गया।" (बिहार की हिन्दी साहित्यिक पत्रकारिता, पृष्ठ 60) रामजी मिश्र मनोहर लिखते हैं कि "बिहार के प्रसिद्ध कवि एवं अभिनेता श्री ललितकुमार सिंह 'नटवर' (जो पहले लतीफ हुसैन थे) के संपादकत्व में 'आशा' नामक सुसम्पादित पत्रिका सन 1925 में निकली।" (बिहार में हिन्दी पत्रकारिता का विकास, पृष्ठ 139) वास्तविकता यह है कि आशा पत्रिका पहले से निकल रही थी, 1925-26 की अवधि में ललितकुमार सिंह 'नटवर' उसके प्रधान संपादक नियुक्त हुए। (ठाकुर मंगलप्रसाद सिंह, बिहार के नवयुवक हृदय, हिन्दी साहित्य कार्यालय, लहेरियासराय, पृष्ठ 79)
डाक्टर रामचंद्र ठाकुर ने ‘हिस्ट्री ऑफ जर्नलिज्म इन बिहार’ (1866-1919) में ‘लक्ष्मी’ मासिक पत्रिका को 1902 में लाला भगवानदीन के संपादन में लक्ष्मी प्रेस, गया से प्रकाशित हुआ बताया है (पृष्ठ 59)। इनका दावा है कि इन्होंने उक्त पत्रिका की जुलाई, 1902 की मूल प्रति देखी है (पृष्ठ 66, पाद टिप्पणी संख्या 81)। हालाँकि श्री अम्बिकाप्रसाद वाजपेयी ने ‘समाचार पत्रों का इतिहास’ में ‘लक्ष्मी’ का प्रकाशन वर्ष 1903 लिखा है (पृष्ठ 241)। रामजी मिश्र ‘मनोहर’ ने भी ‘बिहार में हिंदी-पत्रकारिता का विकास’ में इसका प्रकाशन वर्ष 1903 ही बताया है (पृष्ठ 59)।
दरअसल, गया जिले के ‘कूसी’ (औरंगाबाद) ग्राम के निवासी लक्ष्मीनारायण लाल ने आयुर्वेद-प्रचार के लिए सन् 1903 ई. में एक मासिक पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया, जिसका नाम ‘लक्ष्मी-उपदेश-लहरी’ रखा गया था (हिंदी साहित्य और बिहार, चतुर्थ खण्ड, पृष्ठ 100)। इसके प्रथम संपादक श्री अखौरी शिवनन्दन प्रसाद ‘बहार’ थे। श्री बहार ने एक वर्ष तक उसका संपादन किया। उसके बाद मध्यदेश के सागर-मण्डलांतर्गत ‘देवरी’ निवासी श्री गोरेलाल मंजु 'सुशील' ने उसका संपादन-भार संभाला। इनके समय में पत्रिका की विशेष उन्नति हुई। अत्यधिक प्रचार के बाद पत्रिका अपने साहित्यिक रूप में प्रतिष्ठित हुई (जयंती स्मारक ग्रंथ, पृष्ठ 585; हिंदी साहित्य और बिहार, चतुर्थ खण्ड, पृष्ठ 100, पा.टि. 1)। जब ‘लक्ष्मी प्रेस’ का स्थानांतरण गया नगर में हुआ, तब पत्रिका का नाम केवल ‘लक्ष्मी’ रह गया। इसी समय 'सुशील' जी का असामयिक निधन हो गया। इनके इनके निधनोपरांत बुन्देलखण्ड निवासी श्री लाला भगवानदीन जी ने इसके संपादन का भार अपने कंधों पर लिया। इसके पूर्व वे हिन्दू विश्वविद्यालय, काशी के हिंदी विभाग में प्राध्यापक थे। लाला भगवानदीन के बाद आरा निवासी पं. ईश्वरीप्रसाद शर्मा और श्रीरामानुग्रह नारायण लाल, बी.ए. क्रमशः इसके संपादक हुए। ‘लक्ष्मी’ अपने जमाने की एकमात्र साहित्यिक पत्रिका गिनी जाती थी। इस पत्रिका के संबंध में श्रीस्वामी सत्यदेव तथा म.म.पं. सकलनारायण शर्मा ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की थी। अमेरिका प्रवासी स्वामी सत्यदेव ने एक पत्र में ‘लक्ष्मी’ की प्रशंसा करते हुए लिखा था : ‘‘गया की ‘लक्ष्मी’ हिंदुस्तान के सामयिक पत्रों में अपना खास स्थान रखती है। प्रायः सभी लेख और कविताएं उपयोगी और शिक्षाप्रद हैं। संस्थापक महोदय अवश्य प्रशंसा के पात्र हैं।’’ म.म.पं. सकलनारायण शर्मा ने एक बार प्रान्तीय हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सभापति पद से भाषण करते हुए कहा था : ‘रायसाहब लक्ष्मीनारायण लाल जी बिहार के उन हिंदीप्रमियों में हैं, जो हिंदी के लिए प्रतिवर्ष पानी की तरह रुपये बहाते हुए कुण्ठित नहीं होते’ (त्रैमासिक साहित्य’, पृष्ठ 41; हिंदी साहित्य और बिहार, चतुर्थ खण्ड, पृष्ठ 100, पा.टि. 2)।
अशोक मोती, 'जनता' का पहला अंक 1937 की विजयादशमी (जे पी के जन्मदिन) को निकला बताते हैं (स्मरण बेनीपुरी, पृष्ठ 73) जबकि रामजी मिश्र मनोहर 1938। (बिहार में हिन्दी पत्रकारिता का विकास, पृष्ठ 111) एक तीसरे लेखक ने 'जनता' का प्रकाशन-वर्ष 1939 बताया है। (प्रेमनारायण टण्डन, हिन्दी सेवी संसार, पृष्ठ 198)
लोग सुनी-सुनाई बातों के आधार पर इतिहास लिख बैठते हैं। इसका एक उदाहरण फिलहाल डॉक्टर अनिल सुलभ का लेख है। इनको कौन कहे कि 'बिहारी' और 'बिहार टाइम्स' दो अलग पत्र नहीं था। दरअसल, सच्चिदानंद सिन्हा 1893 में विलायत से पढ़कर लौटे तो पत्र शुरू करने के ख्याल से एक मीटिंग आयोजित की गई। उक्त मीटिंग में पत्र का नाम 'बिहारी' प्रस्तावित किया गया किन्तु अंतत: 1894 में 'बिहार टाइम्स' नाम से एक अंग्रेजी पत्र शुरू किया गया। पुनः 1906 ईस्वी से इसका नाम 'बिहारी' कर दिया गया।
हिन्दी साहित्य में शोध की बड़ी क्षीण परम्परा रही है। बिहार की स्थिति तो भयावह है। डॉक्टर रामनिरंजन परिमलेन्दु ने इस दिशा में श्लाघनीय काम किया है। नागरी प्रचारिणी सभा, वाराणसी से प्रकाशित उनकी किताब 'भारतेन्दु काल के भूले बिसरे कवि और उनका काव्य' पढ़ रहा हूँ। इस अत्यंत गंभीर किताब में भी कुछ प्रूफ की और कुछ तथ्य की भूल रह गई है। उदाहरण के तौर पर, पृष्ठ 390 में वे लिखते हैं कि जुलाई, 1907 ईस्वी में 'बिहार टाइम्स' का नाम परिवर्तित कर 'बिहारी' कर दिया गया। यह सही नहीं है। सच्चिदानंद सिन्हा ने 'सम एमिनेंट बिहार कंटेम्परेरीज' में 1906 बताया है।
हिंदी साहित्य में कुछ लोग थोक के भाव से लिखने के लिए कुख्यात रहे हैं। बिहार के शंकर दयाल सिंह ऐसे ही लेखक थे। वे सांसद भी थे। पटना में डाकबंगला के पास उनका 'पारिजात प्रकाशन' हुआ करता था। लिक्खाड़ ऐसे कि दो किलोमीटर की यात्रा से भी 'यात्रा वृत्तांत' रच डालते थे। किताब बनाने की इस हड़बड़ी में गलतियां कर जाते। उनकी लिखी एक किताब है-'बिहार : एक सांस्कृतिक वैभव'। पृष्ठ 276 में लिखते हैं कि खड्गविलास प्रेस से किताबें ही नहीं बल्कि 'बिहार दर्पण', 'क्षत्रिय पत्रिका' और 'हरिश्चंद्र कला' जैसी पत्रिकाएँ भी निकलती थीं। कहना होगा कि 'बिहारदर्पण' पत्रिका नहीं बल्कि किताब थी। और इस नाम की एक नहीं दो किताब थी। एक के लेखक खड्गविलास प्रेस के मालिक बाबू रामदीन सिंह थे, जो 'क्षत्रिय पत्रिका' के भी प्रकाशक थे। इनके 'बिहारदर्पण' में तत्कालीन बिहार के महत्त्वपूर्ण लोगों की जीवनियां लिखी हैं। दूसरे 'बिहार दर्पण' के लेखक गदाधर प्रसाद अंबष्ठ हैं। इस पुस्तक में तत्कालीन बिहार की जिलावार आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जानकारी है।
आनंद नारायण शर्मा ('जीवन-शिल्पी बेनीपुरी', स्मरण बेनीपुरी, पृष्ठ 85) रामवृक्ष बेनीपुरी के पत्रकार-जीवन की शुरुआत 'तरुण भारत' से मानते हैं और रामजी मिश्र मनोहर (बिहार में हिन्दी पत्रकारिता का विकास, पृष्ठ 91) 'गोलमाल' से। सही क्या है?
बिहार के प्रतिष्ठित शोध संस्थानों से प्रकाशित इतिहास की किताबों की विश्वसनीयता भी संदिग्ध है। न लेखक गम्भीर है न प्रकाशक। चित्र में के पी जायसवाल शोध संस्थान, पटना से छपी दो किताब है। 'बिहार में हिन्दी-पत्रकारिता का विकास' के लेखक पंडित रामजी मिश्र 'मनोहर' हैं तो 'आस्पेक्ट्स ऑफ द हिस्ट्री ऑफ मॉडर्न बिहार' डॉक्टर जटा शंकर झा की किताब है। झा जी की किताब में महेश नारायण का जन्म-वर्ष 1889 छपा है तो रामजी मिश्र की किताब में 'बिहार टाइम्स' का प्रकाशन-वर्ष 1884 लिखा है। सही तथ्य है कि महेश नारायण का जन्म 1859 में हुआ और 'बिहार टाइम्स' का प्रकाशन-वर्ष 1894 है। छापे की इन भूलों को सुधारने के लिए लेखक जीवित रहे नहीं और शोध संस्थाओं के निदेशक अब पढ़े-लिखे होते नहीं कि इस ओर ध्यान जाय। कुछ सालों बाद पाठक इसे ही सच मानकर बिहार का 'प्रामाणिक' इतिहास लिखेंगे। इतिहास चाहे जैसा हो, प्रामाणिक ही होता है!
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment